पवनमोड़–लाकड़टांगा सड़क की बदहाल स्थिति से राहगीर परेशान
The poor condition of the Pawanmod-Lakartanga road has troubled commuters.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा।
जिले के फतेहपुर प्रखंड अंतर्गत पवनमोड़ से लाकड़टांगा तक जाने वाली करीब तीन किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ और जर्जर हालात के कारण राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि कई जगहों पर एक समय में दो लोग भी एक साथ नहीं गुजर पाते। यदि सामने से कोई व्यक्ति या वाहन आ जाए तो दूसरे को रुककर इंतजार करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से बाइक या अन्य छोटे वाहन लेकर चलना काफी मुश्किल हो जाता है। कई बार लोग फिसलकर गिर भी जाते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क के निर्माण को लेकर करीब एक वर्ष पहले शिलान्यास भी किया गया था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इससे लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। पवनमोड़–लाकड़टांगा सड़क आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है और प्रतिदिन सैकड़ों लोग इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द सड़क के पक्कीकरण का कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।



