जामताड़ा कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, प्रशासन अलर्ट
Jamtara court faces bomb threat, administration on alert

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
झारखंड के जामताड़ा जिले में सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, कोर्ट को ड्रोन के जरिए उड़ाने की धमकी एक ई-मेल के माध्यम से दी गई है। बताया जा रहा है कि यह धमकी भरा ई-मेल तमिलनाडु की एक कथित साउथ ऑर्गनाइजेशन के नाम से भेजा गया है। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड में आ गया। एहतियात के तौर पर जामताड़ा सिविल कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी नीतिश निलेश सांगा ने कोर्ट परिसर और जिला अधिवक्ता संघ भवन का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। वहीं जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष संजय कुमार सिंह और सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। देर शाम डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते की टीम ने कोर्ट भवन, छत और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों के अनुसार तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच जारी है। फिलहाल डीएसपी स्तर के अधिकारी धमकी भरे ई-मेल की जांच कर रहे हैं और कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।



