नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी क्षेत्र में एक बार फिर भूमाफियाओं द्वारा फर्जी कागजात के सहारे प्लॉट बेचकर ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने इस संबंध में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) लोनी को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित मोहम्मद असलम का कहना है कि उन्होंने मुस्तफाबाद स्थित पीर वाली मस्जिद के पास करीब 3.30 लाख रुपये में 30 गज का एक प्लॉट खरीदा था। इस प्लॉट को खरीदने में उनका कुल खर्च लगभग 3 लाख 80 हजार रुपये आया। लेकिन कुछ समय बाद दिल्ली निवासी लाला पप्पू नाम के व्यक्ति ने उक्त प्लॉट को अपना बताते हुए कहा कि उन्होंने यह प्लॉट किसी को नहीं बेचा है इसी कारण संभावना है कि असलम के साथ धोखाधड़ी हुई है।
मामले की जांच पड़ताल करने पर पीड़ित को पता चला कि उन्हें फर्जी कागजात दिखाकर प्लॉट के नाम पर ठगा गया है। असलम का आरोप है कि जब वह इस मामले को लेकर प्लॉट बेचने वाले व्यक्ति के पास पहुंचे तो पहले उसके पुत्र मुल्तजीत ने पैसे वापस करने का आश्वासन दिया, लेकिन अब वह न तो पैसे लौटाने को तैयार है और न ही प्लॉट देने को। इतना ही नहीं, दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है।
पीड़ित पक्ष ने पूरे मामले की शिकायत उपजिलाधिकारी लोनी को अपना शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन पीड़ित को दिया है।

