ललितपुर
रेलवे ट्रेक किनारे घायलावस्था में मिला तेंदुआ, हुयी मौत
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। रेलव ट्रैक के किनारे एक तेंदुआ घायल मिला। घायल तेंदुए को देखने के लिए भीड़ जमा हो गई। लोगों को देखकर तेंदुए ने उनकी ओर झपटने की कोशिश की। इधर-उधर भागता रहा। घायल होने की वजह से वह थोड़ी दूर चल के फिर जमीन पर गिर गया। थोड़ी देर बाद तेंदुआ बेहोश हो गया। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायल तेंदुए को बेहोशी की हालत में पशु चिकित्सक के पास ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। वन विभाग के अधिकारियों ने तेंदुए के ट्रेन से टकराने की आशंका जताई है। जखौरा और बिजरौठा स्टेशन के बीच पोल नंबर 1098 के पास रेलवे ट्रैक किनारे बुधवार को करीब 9 बजे एक तेंदुआ घायल हालत में मिला। स्थानीय लोगों ने रेलवे अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इस बीच घायल तेंदुआ लोगों को देखकर घसीटते हुए इधर-उधर भागता रहा। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों को अपने आस-पास देखकर तेंदुआ लंगड़ाते हुए दौड़ा। कुछ दूर बाद फिर जमीन पर गिर गया। इसके बाद बेहोश हो गया। स्टेशन अधीक्षक ने वन विभाग को इसकी जानकारी दी। करीब आधे घंटे बाद वन विभाग, जीआरपी, आरपीएफ और थाना जखौरा पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची। तेंदुए को रेस्क्यू कर खौरा रेंज ले गए। वहां पशु चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

