खैरथल

जिले में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों पर ध्यान न दें — जिला कलेक्टर

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। जिले में गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पैनिक न करें।
जिला कलेक्टर ने बताया कि जिले में पूर्व की भांति नियमित रूप से गैस सिलेंडरों की सप्लाई की जा रही है। सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित समय के अनुसार उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। जिला रसद अधिकारी राकेश सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में जिले में गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और इनकी सप्लाई भी निरंतर सुचारू रूप से जारी है। उन्होंने कहा कि गैस कंपनियों और एजेंसियों के माध्यम से नियमित रूप से सिलेंडरों की आपूर्ति हो रही है। उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से गैस की कमी को लेकर भ्रामक जानकारी फैलने के कारण लोगों में अनावश्यक चिंता देखी जा रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि जिले में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। जिला कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराकर अनावश्यक रूप से अतिरिक्त सिलेंडर बुकिंग या संग्रह करने से बचें और केवल आवश्यकता के अनुसार ही सिलेंडर बुक कराएं। साथ ही यदि किसी को गैस वितरण से संबंधित कोई समस्या आती है तो वह संबंधित गैस एजेंसी या जिला प्रशासन को सूचित कर सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता पर्याप्त है और आपूर्ति पूर्व की भांति नियमित रूप से जारी रहेगी, इसलिए आमजन को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button