प्रोजेक्ट बचपन” के तहत ‘आंगन से आंगनबाड़ी अभियान’, बाल भोज सह जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित
Under "Project Bachpan" 'Angan to Anganwadi Campaign', Children's feast cum birth anniversary program organized

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बुधवार को “प्रोजेक्ट बचपन” के अंतर्गत “आंगन से आंगनबाड़ी अभियान” के तहत बाल भोज सह जन्मोत्सव कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है, ताकि उनके समग्र विकास के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया जा सके। कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त मनीष कुमार तथा पंचायत राज मंत्रालय, भारत सरकार के सेक्शन ऑफिसर एवं सलाहकार (SOEPR) की केंद्रीय टीम ने पाकुड़ प्रखंड के झिकरहटी पंचायत स्थित आंगनबाड़ी सह नर्सरी स्कूल केंद्र, सीतारामपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं केंद्रीय टीम ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया, उन्हें कविताएं सुनाईं और नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र आने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर बच्चों के साथ जन्मोत्सव मनाते हुए केक काटा गया, जिससे बच्चों में खासा उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि जिले में प्रत्येक माह बाल भोज सह जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा की मजबूत नींव रखने के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता का भी सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बच्चों में खुशी, आपसी सद्भाव और स्वस्थ पोषण की आदतों को विकसित करने में सहायक हैं। साथ ही यह पहल कुपोषण मुक्त झारखंड के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उपायुक्त ने आंगनबाड़ी कर्मियों को निर्देश दिया कि वे बच्चों की नियमित उपस्थिति, पोषण स्तर और अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करें।



