गोड्डा

गोड्डा में डी एल सी सी – डी एल आर सी की समीक्षात्मक बैठक

बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
उपायुक्त अंजली यादव ने बैंक अधिकारियों को दिए निर्देश
पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने पर जोर
गोड्डा : डीआरडीए स्थित सभागार में गुरुवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में जिला परामर्शदात्री समिति (DLCC) एवं जिलास्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न बैंकिंग योजनाओं, वित्तीय समावेशन कार्यक्रमों तथा ऋण वितरण से जुड़े मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभुकों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाना चाहिए। समीक्षा के क्रम में जिले में कार्यरत विभिन्न बैंकों के सीडी रेशियो (CD Ratio) तथा वार्षिक ऋण योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप ऋण वितरण की प्रगति पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्राथमिकता क्षेत्र की योजनाओं में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुसार ऋण वितरण सुनिश्चित करें। बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभुकों के किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) से संतृप्तिकरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र किसानों को शीघ्र किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें कृषि कार्यों के लिए समय पर वित्तीय सहायता मिल सके। इसके अलावा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के अंतर्गत बैंकों द्वारा स्वीकृत एवं वितरित ऋण की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने के निर्देश दिए गए। बैठक में स्वयं सहायता समूह (SHG) के क्रेडिट लिंकेज, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की उपलब्धि, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे व्यवसायियों को दिए जा रहे ऋण की स्थिति पर भी चर्चा हुई। साथ ही प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के अंतर्गत प्रगति की समीक्षा करते हुए लोगों को अधिक से अधिक जागरूक करने का निर्देश दिया गया। बैठक के दौरान बोआरीजोर प्रखंड में पहाड़िया समुदाय के बैंक खातों से अवैध रूप से निकली राशि के मामले की भी चर्चा हुई, जिस पर उपायुक्त ने संबंधित बैंक अधिकारियों को गहन जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बैठक में जिला उद्योग महाप्रबंधक रमाकांत चतुर्वेदी, आरबीआई प्रबंधक गौरव कुमार, एलडीएम गोड्डा चंदन कुमार चौहान, डीडीएम नाबार्ड नूतन राज, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button