बरेली
सरकारी आवास दिलाने के नाम पर ठगी ग्रामीणों से 10-10 हजार ऐंठे
पैसे मांगने पर दी जान से मारने की धमकी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली : फरीदपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम सिमरा केशोपुर में सरकारी आवास दिलाने के नाम पर ग्रामीणों से ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर चार लोगों से 10-10 हजार रुपये वसूल लिए। पीड़ित दीपचन्द्र पुत्र नरजनलाल ने कोतवाली फरीदपुर में दी तहरीर में बताया कि करीब दो वर्ष पहले गांव के तौलेराम पुत्र सुन्दर लाल ने उनसे और अन्य ग्रामीणों से कहा था कि यदि वे 10-10 हजार रुपये दे दें तो सरकारी आवास के पैसे दिलवा देगा और यह रकम अधिकारियों को देनी पड़ेगी। आरोप है कि झांसे में आकर दीपचन्द्र समेत अर्जुन, विनोद और अनिल कुमार ने उसे रुपये दे दिए, लेकिन आज तक न तो आवास मिला और न ही पैसे वापस किए गए। जब पीड़ितों ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे दी। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।




