कैराना

रमज़ान में चौक बाजार जाम से कराह उठा शहर

ई-रिक्शाओं की भरमार से थमी रफ्तार

खरीदारी को उमड़ी भीड़ के बीच घंटों जाम में फंसे लोग, ट्रैफिक संभालने को सुरक्षाकर्मी नदारद
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। माहे रमज़ान के चलते कस्बे के बाजारों में खरीदारी का दौर तेज हो गया है। रोज़ा इफ्तार के बाद देर रात तक बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ रही है। खासकर मुख्य चौक बाजार और उससे जुड़े मार्गों पर हालात इस कदर बिगड़ रहे हैं कि ई-रिक्शाओं की अनियंत्रित आवाजाही के कारण आए दिन लंबा जाम लग रहा है। इससे आम लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चौक बाजार में भारी भीड़ के बीच ई-रिक्शाओं की भरमार से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। सड़क के दोनों ओर खड़े ई-रिक्शा, ठेली और बीच रास्ते से निकलने की कोशिश कर रहे अन्य वाहनों के कारण कुछ ही देर में लंबा जाम लग जाता है। स्थिति ऐसी बन गई कि लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया। कई दोपहिया और चारपहिया वाहन काफी देर तक जाम में फंसे रहे। स्थानीय लोगों का कहना है कि रमज़ान के दिनों में हर साल बाजारों में भीड़ बढ़ती है, लेकिन यातायात को व्यवस्थित करने के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की जाती। ई-रिक्शा चालक बाजार के बीचों-बीच सवारियां उतारते और खड़ी कर देते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और जाम लग जाता है। जाम के दौरान सबसे बड़ी समस्या यह रही कि मौके पर ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए कोई सुरक्षाकर्मी दिखाई नहीं दिया। पुलिस या होमगार्ड की तैनाती न होने के कारण वाहन चालक अपनी मनमर्जी से वाहन खड़े करते रहे, जिससे जाम की स्थिति और गंभीर हो गई। व्यापारियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि चौक बाजार और प्रमुख मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी जाए तथा ई-रिक्शाओं के लिए अलग स्टैंड निर्धारित किया जाए तो जाम की समस्या काफी हद तक खत्म हो सकती है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि रमज़ान के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। दूसरी और  चौक बाजार में दुकानों के आगे लगने वाली रेहड़ी ठेलियों के कारण आये दिन जाम लगा रहता है,जिन्हें कोई कहने सुनने वाला नही है
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button