बाराबंकी

सुल्तानपुर में गौकशी से भड़का गुस्सा

तहरीर के बाद केस दर्ज संगठनों ने दी आंदोलन की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 

बाराबंकी। मसौली थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में गौकशी की सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके का माहौल गरमा दिया है। पीड़ित की लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में कई टीमें लगा दी गई हैं। बढ़ते आक्रोश को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात है।
पीड़ित राकेश कुमार यादव पुत्र राम दुलारे यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 मार्च 2026 की शाम को उन्होंने अपनी गायों को चारा-पानी देने के बाद घर के सामने खूंटे से बांध दिया था। रात के अंधेरे में अज्ञात चोर दोनों गायों को खोलकर ले गए।
17 मार्च की सुबह करीब 4 बजे जब परिजन जागे तो गायें गायब थीं। आनन-फानन में ग्रामीणों के साथ तलाश शुरू की गई। कुछ दूरी पर रोशन चक मोड़ के पास पहुंचने पर जो मंजर सामने आया, उसने सभी को झकझोर कर रख दिया—दोनों गायों के कटे हुए अवशेष अलग-अलग हिस्सों में पड़े मिले। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना मिलते ही मसौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने के लिए अतिरिक्त फोर्स बुला ली गई। पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और इलाके में गश्त बढ़ा दी है।
तहरीर में पीड़ित ने आरोप लगाया है कि अज्ञात लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से उनकी गायों की चोरी कर उनकी हत्या की है। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।
वहीं, घटना के बाद हिंदू संगठनों में भी भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। हिन्दू जागरण मंच के मनीष श्रीवास्तव ने घटना को बेहद निंदनीय बताते हुए कहा कि “योगी सरकार में इस तरह की हरकतें बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएंगी” और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
हिन्दू सुरक्षा सेवा ट्रस्ट के बाराबंकी जिलाध्यक्ष मोहित हिन्दू और मीडिया प्रभारी विशाल गुप्ता ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि “सबसे पहले आरोपियों की गिरफ्तारी होनी चाहिए, अन्यथा हम लोग धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।” उन्होंने आरोपियों के लिए कठोर सजा, यहां तक कि फांसी की मांग की है। ट्रस्ट ने चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
थाना प्रभारी अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि “आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं, लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।”
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला बेहद गंभीर है और हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। संदिग्धों को चिन्हित कर दबिश दी जा रही है।
फिलहाल सुल्तानपुर गांव में हालात तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में हैं। पुलिस की कड़ी निगरानी के बीच प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button