बरेली
व्यापारी द्वारा ऑनलाइन टैक्स जमा करने पर भी पोर्टल पर अपडेट नहीं होता

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली । उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल आदर्श मंडी स्थल स्थित उपमंडी निदेशक के कार्यालय पर प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में ज्ञापन दिया गया।
राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि संपूर्ण उत्तर प्रदेश में प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर गल्ला मंडी निदेशक को ज्ञापन दिया गया है। ज्ञापन में मंडी समिति द्वारा नई एप व्यवस्था लागू किए जाने पर विरोध प्रकट किया गया है। राजेन्द्र गुप्ता ने कहा इससे व्यवस्थाएं जटिल हो गई हैं। दुकानों के किराए में भी प्रतिवर्ष 5% की वृद्धि को अनुचित बताते हुए समस्त प्रदेश के व्यापारियों पर असहनीय आर्थिक बोझ कहा गया। मांग की गई कि तत्काल प्रभाव से सभी प्रकार की दुकानों पर किराए में की गई वृद्धि को वापस लिया जाए। ऑनलाइन पोर्टल की कमियों के बारे में भी नाराजगी व्यक्त की गई जिसमें व्यापारी द्वारा ऑनलाइन टैक्स जमा करने पर भी पोर्टल पर अपडेट नहीं होता है और निरंतर बकाया प्रदर्शित होता रहता है। सरवर डाउन रहता है और चलता भी है तो बार-बार हैंग हो जाता है। इससे प्रवेश पर्ची, तौल पर्ची एवं भुगतान में विलंब होता है। मंडी लाइसेंस के नवीनीकरण में भी प्रक्रिया को सरल करने की व पारदर्शी बनाने की मांग की गई। गारंटर व शपथ पत्र जैसी व्यवस्था को समाप्त करने की मांग भी रखी गई है।
उप मंडी निदेशक ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी मांगों को शासन तक पहुंचा दिया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में दाल मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय शर्मा, महामंत्री कैलाश मित्तल, गल्ला मंडी के अध्यक्ष अवधेश अग्रवाल, अमीश अग्रवाल, कपिल अग्रवाल, भुवनेश अग्रवाल, दीपक वर्मा, अंकित मित्तल, विष्णु मित्तल, संजय शर्मा, मनमोहन सब्बरवाल, त्रिलोकी नाथ गुप्ता आदि थे।


