ललितपुर

पहली शादी छिपाकर डॉक्टर से किया विवाह

20 लाख रुपए और जेवरात लेकर पत्नी फरार, ससुरालियों पर भी केस दर्ज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला आजादपुरा में एक सनसनीखेज धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जहां एक महिला डॉक्टर पर अपने पहले पति से तलाक हुए बिना दूसरी शादी करने और पति के परिवार से लाखों रुपए की ठगी करने का आरोप लगा है। पुलिस ने पीडि़त डॉक्टर की शिकायत पर पत्नी सहित छह लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आजादपुरा निवासी पीडि़त डा.पीयूष डी. जैन ने बताया कि उनकी शादी 8 फरवरी 2020 को इंदौर निवासी डा.प्रिया जैन के साथ हुई थी। आरोप है कि प्रिया पहले से शादीशुदा थी और उसने अपने पहले पति के साथ चल रहे अदालती मामले को छिपाकर यह शादी की थी। शादी के बाद आरोपी महिला ने अपने माता-पिता और भाई को भी ललितपुर बुला लिया और पीडि़त के घर में ही रहने लगे। पीडि़त के अनुसार, मई 2024 में उसकी पत्नी ने साजिश के तहत उसके पिता से उधार के नाम पर 20 लाख रुपए आरटीजीएस के जरिए अपने खाते में मंगवा लिए। इसके बाद सितंबर 2025 में जब डा.पीयूष एक मामले में गवाही देने दिल्ली गए थे, तब मौका पाकर उनकी पत्नी और ससुराल वालों ने घर में रखे 2.50 लाख रुपए नगद, करीब 7 लाख रुपए के सोने के जेवरात, शादी का प्रमाण पत्र और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया और फरार हो गए। वापस आने पर पीड़ित को घर पर ताला लटका मिला। डा.पीयूष ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने पैसों की मांग की, तो उनकी पत्नी ने उनके और उनके परिवार के खिलाफ घरेलू हिंसा का झूठा केस दर्ज करा दिया। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर आरोपी पत्नी प्रिया जैन, ससुर प्रमोद कुमार जैन, सास मीना जैन, साले प्रिंकेश जैन, लकी जैन और रिश्तेदार हितेन्द्र जैन बड़घरिया के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और 61(2) सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button