नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : लोनी क्षेत्र में ई-रिक्शा और थ्री-व्हीलर चालकों की बढ़ती मनमानी से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। मुख्य सड़कों और चौराहों पर वाहन आड़ी-तिरछी खड़ी करने के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है, जिससे आमजन को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लोनी बॉर्डर, शिव विहार मेट्रो स्टेशन, जौहरीपुर मेट्रो स्टेशन, इंद्रापुरी दो नंबर, लोनी तिराहा और पुस्ता पुलिस चौकी के आसपास ई-रिक्शा चालकों का जमावड़ा लगा रहता है। इन स्थानों पर सवारियों के इंतजार में चालक सड़क किनारे और बीच मार्ग में ही वाहन खड़े कर देते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और लंबा जाम लग जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पीक आवर्स में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब स्कूल, ऑफिस और बाजार जाने वाले लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है। कई बार एंबुलेंस और जरूरी सेवाएं भी इस अव्यवस्था की वजह से प्रभावित होती हैं।
निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इन स्थानों पर ई-रिक्शा और थ्री-व्हीलर के लिए निर्धारित स्टैंड बनाए जाएं और नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। साथ ही, अवैध रूप से सड़क पर वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके।
वहीं, इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर कार्रवाई की जाएगी और यातायात को व्यवस्थित करने के प्रयास तेज किए जाएंगे।