भाई के साथ जा रही छात्रा से की छेड़छाड़
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर में सेवर थाना क्षेत्र के एक स्कूल की छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छात्रा अपने भाई के साथ स्कूल जा रही थी। इस दौरान गांव के युवकों ने छात्रा से छेड़छाड़ कि जब छात्रा के भाई ने उसे बचाने की कोशिश की तो युवकों ने छात्रा के भाई को डंडे से बुरी तरह पीटा। पीड़ित परिवार की बदनामी के लिए छात्रा के भाई के साथ मारपीट का लाइव वीडियो भी आरोपियों की तरफ से सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। घटना 9 जनवरी की है। छात्रा के पिता ने सेवर थाने में मुकदमा दर्ज करवाते हुए बताया कि उसकी 15 साल की बेटी और 17 साल के बेटे के साथ यह वारदात स्कूल से घर आते समय हुई। गांव के रास्ते पर कुछ आवारा और असामाजिक तत्वों ने नाबालिग छात्रा को रास्ते में पकड़ लिया। वह छात्रा से अश्लील हरकतें करने लगे। जब छात्रा के भाई ने अपनी बहन को बचाने की कोशिश की तो, युवकों ने डंडे से छात्रा के भाई को बुरी तरह पीटा। वहां मौजूद एक युवक ने पिटाई का वीडियो बना लिया। जो आज सोशल मीडिया के जरिए सामने आया है। हालांकि गांव के लोगों ने दोनों पक्षों में राजीनामा करवा दिया। साथ ही छात्रा के परिजन इस मामले को लेकर कुछ भी कहने को तैयार नहीं हैं। सूत्रों की माने तो मामले को लेकर मीणा समुदाय के कुछ युवको की यह करतूत बताई जा रही है जिन्होंने प्रजापति समाज के भाई बहन के साथ इस वारदात को अंजाम दिया।



