बेतुल

बैतूल ओलावृष्टि से तबाह फसलों पर तुरंत मुआवजा दे सरकार: निलय डागा

प्रभावित गांवों का तत्काल सर्वे और 10 दिन में राहत राशि देने की मांग

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लंबित क्लेम 15 दिन में निपटाने की मांग
राहत नहीं मिली तो किसानों के साथ आंदोलन की चेतावनी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बैतूल। कांग्रेस जिला अध्यक्ष निलय डागा ने मुलताई सहित जिले में ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश से तबाह हुई फसलों को लेकर सरकार से तुरंत मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि तेज हवाओं, बारिश और ओलावृष्टि से कई गांवों में खड़ी फसल को भारी नुकसान हुआ है, राहत देने में देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से बिना समय गंवाए प्रभावित गांवों का सर्वे शुरू करने और सर्वे पूरा होने के बाद 10 दिन के भीतर किसानों को राहत राशि देने की मांग की है।
निलय डागा ने कहा कि अचानक बदले मौसम और ठंडी हवाओं के साथ हुई ओलावृष्टि से किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया। जिले में कई जगह फसल पूरी तरह खराब हो गई है, जबकि कई खेतों में फसल गिरकर बर्बाद हो चुकी है। गुरुवार रात बैतूल के आसपास के क्षेत्रों में भी हुई बारिश ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा ने किसानों को आर्थिक रूप से बड़ा झटका दिया है।
सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि हर साल आपदा के समय किसानों को आश्वासन दिया जाता है, लेकिन जमीन पर राहत नहीं मिलती। उन्होंने मांग की कि जिन गांवों में फसल को नुकसान हुआ है, वहां तुरंत सर्वे टीम भेजी जाए और राहत प्रक्रिया में देरी न हो।
निलय डागा ने विशेष राहत पैकेज के तहत प्रभावित किसानों को आपदा राहत देने और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लंबित क्लेम का 15 दिन के भीतर निपटारा करने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की 50 प्रतिशत से अधिक फसल खराब हुई है, उन्हें अतिरिक्त विशेष राहत पैकेज स्वीकृत किया जाए।
उन्होंने प्रशासन से बर्बाद फसल का जल्द सर्वे कर राहत राशि का भुगतान तुरंत शुरू करने को कहा और चेतावनी दी कि यदि समय पर राहत नहीं मिली तो कांग्रेस किसानों के साथ आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि महंगाई और बढ़ती लागत से पहले ही परेशान किसान अब इस बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से और संकट में आ गए हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button