बरेली
मतभेद होना स्वाभाविक, संवाद के माध्यम से समाधान खोजना ही सच्चा नेतृत्व- डॉ यशार्थ गौतम

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। दिल्ली पब्लिक स्कूल, बरेली द्वारा आयोजित दो दिवसीय मॉडल यूनाइटेड नेशंस (एमयूएन)-2026 का भव्य एवं सफल समापन हुआ। इस प्रतिष्ठित आयोजन में देश एवं प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए हुआ लगभग 30 विद्यालयों के 300 से अधिक प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने सहभागिता करते हुए वैश्विक एवं समसामयिक मुद्दों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। समापन समारोह के मुख्य अतिथि बरेली कॉलेज रक्षा अध्ययन के प्रोफेसर डॉ. यशार्थ गौतम रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के युवा ही भविष्य के नीति-निर्माता और परिवर्तन के वाहक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा सकारात्मक नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया। दो दिनों तक चले इस बौद्धिक एवं संवादात्मक आयोजन में पहले दिन का शुभारंभ जिला न्यायालय हरदोई के माननीय न्यायाधीश मोहम्मद यूनुस रहे जिन्होंने विद्यार्थियों के नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदार नागरिक होने की बात कही। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ गौतम ने विभिन्न समितियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य ऋतु अरोड़ा ने आयोजन की सफलता के लिए सभी विशिष्ट अतिथियों, प्रतिभागी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, आयोजन समिति एवं सहयोगी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।



