ललितपुर

इक्कीस मेधावियों का हुआ सम्मान ,21-21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान

हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में जिले में शीर्ष स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र

मेडल और चेक देकर किया गया सम्मानित
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में जनपद स्तर पर सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। अध्यक्षता जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ उपस्थित रहे। समारोह में सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, नपाध्यक्ष सोनाली जैन, एमएलसी रमा निरंजन सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान लखनऊ स्थित लोकभवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। मुख्यमंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें नवाचार, तकनीक और शिक्षा के माध्यम से प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने डिजिटल लाइब्रेरी, अभ्युदय योजना, स्मार्टफोन एवं टैबलेट वितरण जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के सीमित उपयोग तथा समाचार पत्रों एवं पुस्तकों के अध्ययन की सलाह दी। स्थानीय स्तर पर आयोजित समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं 21-21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि के चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। राज्यमंत्री ने कहा कि ललितपुर के छात्र-छात्राओं, विशेष रूप से बेटियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया है। सदर विधायक ने कहा कि विद्यार्थियों को इंटरमीडिएट के बाद अपने जीवन का लक्ष्य स्पष्ट कर लेना चाहिए और उसी दिशा में मेहनत करनी चाहिए। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए अभिभावकों को धन्यवाद दिया कि उन्होंने बेटा-बेटी में भेदभाव किए बिना बेटियों को शिक्षा के समान अवसर प्रदान किए। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि सफलता के बाद भी आत्ममुग्ध न हों और लगातार मेहनत करते रहें। साथ ही साइबर अपराधों से सावधान रहने और सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने की भी सलाह दी। डीआईओएस ने बताया कि हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में जिले में शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले कुल 21 विद्यार्थियों को 21-21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि, प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान हाईस्कूल के अमित, मोहिनी पटेल, अभय पटेल, शिवांश, नंदनी, मोनिका सिंह, रोशनी, रोनक कुशवाहा, राधिका एवं शिवांस कुमार यादव और इंटरमीडिएट वर्ग के माधव सिंह, सतीश, वैष्णवी तिवारी, नव्या त्रिपाठी, यश झा, आकृति तिवारी, सतवेंद्र, कनक, आलोक सिंह, प्रिंस कुशवाहा एवं लकी सेन को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सीडीओ शेषनाथ चौहान, डीआईओएस ओपी सिंह, जीआईसी प्रधानाचार्य सुरेंद्र कुमार, जीएचसी दावनी के प्रधानाध्यापिका कोमल सिंह नरवरिया, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, अभिभावक, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button