ललितपुर
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसुनवाई पर रहा फोकस
कमिश्नर व डीएम ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं

अवैध कब्जों के मामलों में एक सप्ताह में रिपोर्ट तलब
जनगणना कार्मिकों का हुआ सम्मान
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शनिवार को जिले की सभी तहसीलों में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस जनसुनवाई और शिकायत निस्तारण के नाम रहा। मण्डलायुक्त झांसी मण्डल बिमल कुमार दुबे ने सदर तहसील पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं, जबकि जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने तहसील पाली में जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। शासन के निर्देशानुसार आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विद्युत, पूर्ति, विकास एवं अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुईं। सदर तहसील में मण्डलायुक्त ने विशेष रूप से राजस्व एवं अवैध कब्जों से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए टीम गठित की तथा एक सप्ताह के भीतर भौतिक सत्यापन कर निस्तारण रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान रोजगार की तलाश में पहुंचीं 100 से अधिक महिलाओं ने अपनी समस्या मण्डलायुक्त के समक्ष रखी। इस पर उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को महिलाओं का समूह बनाकर उनकी रुचि एवं कौशल के अनुसार स्वरोजगार योजनाओं से जोडऩे के निर्देश दिए। वहीं एक वृद्ध व्यक्ति द्वारा बच्चों के घर से निकाल देने की शिकायत पर कानूनी सहायता उपलब्ध कराने तथा एक वृद्ध महिला की बैंक खाते से धनराशि न निकल पाने की समस्या पर त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। एक घायल बुजुर्ग महिला द्वारा दबंगों के खिलाफ शिकायत करने पर मण्डलायुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल एम्बुलेंस उपलब्ध कराकर चिकित्सीय सहायता दिलाने के निर्देश दिए। वहीं ग्राम मऊमाफी निवासी रुबी ने पति की मृत्यु के बाद आर्थिक सहायता की मांग की, जिस पर संबंधित अधिकारियों को निराश्रित महिला पेंशन, बाल सेवा योजना, राशन कार्ड एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। उधर तहसील पाली में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने जनशिकायतों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रदेश में सबसे पहले जनगणना कार्य पूर्ण करने पर तहसील पाली के जनगणना कार्मिकों को माला पहनाकर एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने अन्य कार्मिकों को भी समयबद्ध ढंग से जनगणना कार्य पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया। सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरांत मण्डलायुक्त ने सदर तहसील तथा जिलाधिकारी ने तहसील पाली में एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिले की पांचों तहसीलों में कुल 323 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 41 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। सबसे अधिक 119 शिकायतें तहसील तालबेहट में प्राप्त हुईं। इस अवसर पर एसपी मो. मुश्ताक, सीडीओ शेषनाथ चौहान, सीएमओ डा.इम्तियाज अहमद, एसडीएम सदर मनीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



