जम्मू कश्मीरराजनीतिराष्ट्रीय

स्टेटहुड पर सीएम उमर की हुंकार

बीजेपी पर लगाया बैक डोर पॉलिटिक्स का आरोप, 20 जुलाई से दिल्ली में होगा बड़ा आंदोलन

श्रीनगर । जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बीजेपी पर राज्य का दर्जा बहाल करने के वादे से पीछे हटने और ‘बैक डोर पॉलिटिक्स’ करने का आरोप लगाते हुए 20 जुलाई से दिल्ली में आंदोलन का ऐलान किया।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी देशभर में राजनीतिक दलों को कमजोर करने और सत्ता हासिल करने के लिए ‘बैक डोर पॉलिटिक्स’ कर रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा बहाल करने के अपने वादे को पूरा नहीं किया है।
जम्मू में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा कि बीजेपी नेताओं का यह कहना भरोसे के लायक नहीं है कि वे नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार को अस्थिर करने की कोशिश नहीं कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी कई राज्यों में राजनीतिक दलों को तोड़ने का काम कर चुकी है।
उमर अब्दुल्ला ने महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और पंजाब का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी ने विपक्षी दलों को कमजोर करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि जहां बीजेपी को सीधे रास्ते से सत्ता नहीं मिलती, वहां वह पीछे के रास्ते से सत्ता में आने की कोशिश करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर जम्मू-कश्मीर को पूरी तरह राजभवन से ही चलाना था तो फिर विधानसभा चुनाव कराने का क्या मतलब था। उन्होंने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस ने चुनावी प्रक्रिया और केंद्र सरकार, संसद तथा सुप्रीम कोर्ट के आश्वासनों पर भरोसा किया था कि चुनाव के बाद राज्य का दर्जा बहाल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य का दर्जा बहाल करने में हो रही देरी से लोगों का भरोसा कमजोर हो रहा है और नेशनल कॉन्फ्रेंस लोकतांत्रिक तरीके से अपनी लड़ाई जारी रखेगी।
20 जुलाई से दिल्ली में राज्य के दर्जे की मांग को लेकर प्रदर्शन
उमर अब्दुल्ला ने ऐलान किया कि जम्मू-कश्मीर के राज्य के दर्जे की बहाली की मांग को लेकर 20 जुलाई से दिल्ली में प्रदर्शन का नया चरण शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को काफी समय दिया गया और करीब दो साल तक बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश की गई, लेकिन अब पार्टी नई रणनीति के साथ आगे बढ़ेगी।
अगर अपने ही देश की राजधानी में अपनी मांग नहीं रखेंगे तो फिर कहां जाएंगे? उन्होंने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस केवल केंद्र सरकार से किए गए वादों को पूरा करने की मांग कर रही है।
उपमुख्यमंत्री ने बीजेपी पर लगाए वादा टालने के आरोप
जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी ने भी बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के बाद 18 महीने बीत चुके हैं, लेकिन राज्य का दर्जा अब तक बहाल नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस अपनी जिम्मेदारी निभा रही है, जबकि बीजेपी लगातार बहाने बना रही है। उन्होंने मांग की कि बीजेपी स्पष्ट करे कि जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा कब वापस दिया जाएगा।
वहीं, खेल मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि राज्य का दर्जा बहाल होने से न सिर्फ जम्मू-कश्मीर मजबूत होगा, बल्कि देश भी और मजबूत होगा।
बीजेपी ने आरोपों को बताया बेबुनियाद, उमर से आत्ममंथन की अपील
उमर अब्दुल्ला के आरोपों पर बीजेपी ने पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बिना सबूत के आरोप लगा रहे हैं। बीजेपी नेता संबित पात्रा ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ किसी भी गतिविधि में विश्वास नहीं करती।
उन्होंने कहा कि अगर किसी नेता को लगता है कि उसके विधायक पैसे लेकर पार्टी बदल सकते हैं, तो उसे अपनी पार्टी और नेताओं पर आत्ममंथन करना चाहिए।
बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने भी उमर अब्दुल्ला से आरोपों के समर्थन में सबूत देने या माफी मांगने की मांग की। बीजेपी नेता आरएस पठानिया ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री अपने आरोप साबित नहीं करते हैं तो पार्टी कानूनी कार्रवाई पर विचार करेगी।
मीरवाइज उमर फारूक के निमंत्रण पर भी बोले उमर अब्दुल्ला
दिल्ली प्रदर्शन के लिए हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के नेता मीरवाइज उमर फारूक को निमंत्रण दिए जाने पर उठे विवाद पर भी उमर अब्दुल्ला ने सफाई दी।
उन्होंने कहा कि 50 से ज्यादा लोगों को निमंत्रण भेजा गया था, लेकिन केवल एक नाम को लेकर विवाद खड़ा किया गया। उन्होंने बीजेपी और कुछ मीडिया संस्थानों पर मुद्दे को तूल देकर राज्य के दर्जे की मांग से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया।
उमर अब्दुल्ला ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर शांत नहीं हैं और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाते रहेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button