सिंगरौली
प्रभारी विहीन जियावन थाना
उप-निरीक्षक के भरोसे कानून व्यवस्था,अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। जिले का जियावन थाना क्षेत्र इन दिनों पूरी तरह से भगवान भरोसे चल रहा है। लंबे समय से यहां नियमित थाना प्रभारी की पदस्थापना न होने के कारण क्षेत्र में कानून व्यवस्था वेंटिलेटर पर पहुंच गई है। वर्तमान में थाना महज एक उप-निरीक्षक (SI) के भरोसे संचालित हो रहा है, जिसका सीधा फायदा उठाकर अवैध शराब, गांजा और रेत माफियाओं के हौसले सातवें आसमान पर हैं।
ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि क्षेत्र के गांवों और बाजारों में पैकारी के माध्यम से खुलेआम अवैध शराब और गांजे की तस्करी हो रही है, जिससे युवा पीढ़ी नशे के गर्त में डूब रही है। यही नहीं, सोन नदी की छाती चीरकर रात के अंधेरे में प्रतिबंधित रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन धड़ल्ले से जारी है, जिससे शासन को लाखों के राजस्व की चपत लग रही है।
प्रशासनिक और मैदानी, दोनों मोर्चों पर अकेले उप-निरीक्षक के होने से पुलिसिंग का इकबाल खत्म हो चुका है। चर्चा तो यह भी है कि इस पूरे खेल को खाकी का मौन संरक्षण प्राप्त है। क्षेत्र में बढ़ते अपराधों से आक्रोशित ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने पुलिस अधीक्षक (SP) से जियावन थाने में तत्काल स्थायी व कड़क थाना प्रभारी नियुक्त करने और माफियाओं के खिलाफ विशेष हंटर ऑपरेशन चलाने की पुरजोर मांग की है।



