निर्माणाधीन मकान में दुखद हादसा, मजदूर की मौत।

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
भरतपुर। जिले में नदबई क्षेत्र के झारकई गांव में घटित हुए बड़े हादसे में एक निर्माणाधीन मकान की छत पर काम करने के दौरान ऊंचाई से गिरने के कारण एक बुजुर्ग मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। उक्त हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी अनुसार झारकई गांव के निवासी हरचंदी जाटव (65) पुत्र दयाराम जाटव गांव में ही एक निर्माणाधीन मकान की छत पर लैंटर डालने का काम कर रहे थे कि तभी कार्य के दौरान उनका संतुलन बिगड़ने से वह नीचे जमीन पर आ गिरे। बुजुर्ग मजदूर के नीचे गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। तेज आवाज सुनकर आस-पास काम कर रहे अन्य श्रमिक और ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े।
प्राप्त जानकारी अनुसार घायल बुजुर्ग को नदबई के अस्पताल ले जाया गया हालांकि अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक जांच के बाद ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा शव को अपने कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया तथा मृतक के परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाए जाने के बाद शव, परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू करदी गई है।



