एसएस कॉलेज चास में प्रशासनिक अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का जोरदार प्रदर्शन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो । एसएस कॉलेज चास में व्याप्त प्रशासनिक अराजकता, वित्तीय अनियमितताओं एवं वर्तमान सचिव की कथित मनमानी के विरोध में सोमवार को छात्र संगठन के नेतृत्व में कॉलेज परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एकत्रित हुए और पूरा परिसर गगनभेदी नारों से गूंज उठा।
प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र नेता युगदेव महथा एवं सोनू राय ने संयुक्त रूप से किया। छात्र नेताओं ने कॉलेज प्रशासन और वर्तमान सचिव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षा के इस पावन संस्थान को भ्रष्टाचार का केंद्र बना दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सचिव द्वारा बड़े पैमाने पर प्रशासनिक मनमानी की जा रही है तथा नियुक्तियों में खुलेआम भाई-भतीजावाद को बढ़ावा देकर योग्य अभ्यर्थियों के अधिकारों का हनन किया जा रहा है।
छात्र नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि हाल ही में कॉलेज में आयोजित पौधारोपण अभियान में भारी वित्तीय अनियमितताएं हुई हैं। इसके अतिरिक्त, कॉलेज के सम्मानित एवं कर्मठ कर्मचारियों के साथ सचिव द्वारा अभद्र एवं तानाशाही व्यवहार किया जा रहा है, जिसे छात्र कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे।
प्रदर्शन की तीव्रता एवं छात्रों के आक्रोश को देखते हुए कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया। छात्र नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि वित्तीय अनियमितताओं की उच्च स्तरीय जांच नहीं कराई गई, भाई-भतीजावाद पर रोक नहीं लगाई गई तथा स्टाफ के सम्मान की रक्षा सुनिश्चित नहीं की गई, तो आंदोलन और भी उग्र रूप धारण करेगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी कॉलेज प्रबंधन की होगी।
छात्र संघ की मुख्य मांगें :
वर्तमान सचिव की प्रशासनिक मनमानी एवं तानाशाही रवैये पर तत्काल रोक लगाई जाए।
कॉलेज में हुई अवैध नियुक्तियों एवं भाई-भतीजावाद की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
पौधारोपण अभियान में हुई वित्तीय अनियमितताओं की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
कॉलेज के स्टाफ के साथ किए जा रहे अभद्र व्यवहार पर सचिव सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
प्रदर्शन में छात्र बिष्णु झा, राकेश पांडे, बिपिन सिंह, तपन महथा, अमित शर्मा, राजू उपाध्याय, रितेश चौधरी, संदीप सिंह सहित अन्य छात्र उपस्थित रहे।



