ललितपुर
पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण करने पर भड़के अपना दल कार्यकर्ता
अपना दल (कमेरावादी) ने किसानों की समस्याओं को लेकर खोला मोर्चा

राज्यपाल के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन
खाद संकट, सोयाबीन फसल के नुकसान का मुआवजा और शराबबंदी की उठायी मांग
कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। अपना दल (कमेरावादी) ने मंगलवार को प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत किसानों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी ललितपुर को सौंपा। जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पटेल के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए तो पार्टी व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी। ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश का किसान इस समय कई तरह की समस्याओं से जूझ रहा है। समय पर उर्वरक उपलब्ध नहीं होने से खेती प्रभावित हो रही है, जबकि कई स्थानों पर खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी से किसानों को अधिक कीमत पर उर्वरक खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। पार्टी ने मांग की कि सरकार तत्काल खाद संकट समाप्त कर सभी किसानों को निर्धारित मूल्य पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराए तथा कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करे। ज्ञापन में पेट्रोल और डीजल में इथेनॉल मिश्रण का मुद्दा भी उठाया गया। पार्टी नेताओं का कहना था कि इससे आम उपभोक्ताओं और वाहन चालकों को तकनीकी व आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से इस व्यवस्था पर पुनर्विचार करते हुए इथेनॉल मिश्रण पर रोक लगाने की मांग की। अपना दल (कमेरावादी) ने प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी लागू करने की भी मांग उठाई। ज्ञापन में कहा गया कि शराब के कारण सामाजिक और पारिवारिक समस्याएं बढ़ रही हैं। जनहित और सामाजिक सुरक्षा को देखते हुए उत्तर प्रदेश में शराब के निर्माण और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। किसानों की सबसे गंभीर समस्या बताते हुए पार्टी ने कहा कि क्षेत्र में हाल ही में बोई गई सोयाबीन की फसल बड़े पैमाने पर नष्ट हो गई है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई कि तत्काल प्रभावित क्षेत्रों का निष्पक्ष सर्वे कराया जाए और नुकसान का आकलन कर किसानों को शीघ्र उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पटेल ने कहा कि किसान प्राकृतिक आपदाओं, बढ़ती लागत और संसाधनों की कमी के कारण पहले से ही संकट में है। ऐसे समय में खाद की कमी और फसल बर्बादी ने उसकी स्थिति और अधिक दयनीय बना दी है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता नहीं दिखाती तो अपना दल (कमेरावादी) किसानों के हितों की रक्षा के लिए चरणबद्ध एवं व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होगा। इस दौरान पार्टी के सुभान पटेल, पुरुषोत्तम, राजेंद्र यादव, सुनील कुमार, सतीश, भूपेंद्र, देवेंद्र निरंजन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं किसान मौजूद रहे।



