नमस्ते दिवस’ पर नगर निगम ने किया सफाई मित्रों का सम्मान, सुरक्षा उपकरण वितरित
महापौर बोले- सफाई मित्रों की मेहनत से गोरखपुर को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान, 1600 कर्मचारियों के बने आयुष्मान कार्ड

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
गोरखपुर। ‘नमस्ते दिवस’ के अवसर पर नगर निगम गोरखपुर ने स्वच्छता अभियान के आधार स्तंभ सफाई मित्रों के सम्मान में सदन हाल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त अजय जैन ने सीवर व नाला सफाई कार्य में लगे फ्रंटलाइन कर्मचारियों को अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरण वितरित किए तथा उनके योगदान की सराहना करते हुए सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने सभी सफाई मित्रों को ‘नमस्ते दिवस’ की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि “सफाई मित्र सुरक्षित शहर” राष्ट्रीय पहल के अंतर्गत नगर निगम गोरखपुर को देश में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है, जो पूरे शहर के लिए गर्व की बात है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय सफाई मित्रों की कड़ी मेहनत, समर्पण और सेवा भावना को दिया।
महापौर ने बताया कि सफाई मित्रों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक करीब 1600 कर्मचारियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि शेष पात्र कर्मचारियों को भी जल्द योजना से जोड़ने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने यह भी बताया कि नगर निगम द्वारा गठित ‘सफाई मित्र कर्म निधि’ के माध्यम से जरूरत पड़ने पर सफाई मित्रों को तत्काल आर्थिक एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
नगर आयुक्त अजय जैन ने कहा कि गोरखपुर महानगर को स्वच्छ, सुंदर, हरित और स्वस्थ बनाने में सफाई मित्रों की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके अथक परिश्रम और कर्तव्यनिष्ठा के कारण ही नगर निगम को राष्ट्रीय स्तर पर कई उपलब्धियां हासिल हुई हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर निगम प्रशासन सफाई मित्रों की सुरक्षा, सम्मान, कल्याण और सुविधाओं को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा उनके हित में आगे भी हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में महापौर और नगर आयुक्त ने सभी सफाई मित्रों से सेवा और समर्पण की इसी भावना के साथ गोरखपुर को स्वच्छ, सुरक्षित और आदर्श शहर बनाने में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार एवं गौरव रंजन श्रीवास्तव, जोनल सेनेट्री अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव, जोनल अधिकारी अविनाश सिंह, रवि सिंह सहित नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में सफाई मित्र उपस्थित रहे।




