गोरखपुर

लापरवाही के वजह से भागा बाल अपचारी, बड़ी कार्रवाई।

अभिरक्षा में तैनात दरोगा समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित, पुलिस लाइन भेजे गए।

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।

गोरखपुर। जिला अस्पताल में बुधवार को रूटीन मेडिकल चेकअप के दौरान अभिरक्षा में लाया गया एक बाल अपचारी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इस गंभीर लापरवाही को संज्ञान में लेते हुए बृहस्पतिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. कोस्तुभ ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए अभिरक्षा में तैनात दरोगा सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
मामले के अनुसार, बाल अपचारी को बुधवार को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए जिला अस्पताल लाया गया था। इसी दौरान सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की लापरवाही का फायदा उठाकर वह मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल उसकी तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गईं। एसएसपी डॉ. कोस्तुभ ने पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए अभिरक्षा ड्यूटी में तैनात उपनिरीक्षक (दरोगा) संजय पांडेय, मुख्य आरक्षी रामधारी यादव, आरक्षी राजेश कुमार और प्रेम नारायण वर्मा को निलंबित कर दिया। साथ ही सभी को पुलिस लाइन में संबद्ध करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि फरार बाल अपचारी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं।
पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और अस्पताल परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही फरार बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button