सिंगरौली

ई-टोकन व्यवस्था के विरोध में 18 को किसान कांग्रेस का प्रदर्शन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। खाद वितरण में लागू ई-टोकन प्रणाली से किसानों को हो रही परेशानियों और अन्य किसान हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर किसान कांग्रेस शनिवार, 18 जुलाई को विरोध-प्रदर्शन करेगी। इस संबंध में किसान कांग्रेस (शहर) जिला सिंगरौली ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को पत्र सौंपकर कार्यक्रम की सूचना दी है तथा आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।
किसान कांग्रेस के जिलाध्‍यक्ष शहर मनोज दुबे के अनुसार प्रदेश किसान कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह चौहान के निर्देश पर शनिवार शाम 4 बजे राजीव चौक, माजन मोड़ पर किसान, किसान कांग्रेस एवं जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्रित होंगे। इसके बाद खाद वितरण में लागू ई-टोकन व्यवस्था के विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा।
किसान कांग्रेस का आरोप है कि वर्तमान ई-टोकन प्रणाली के कारण किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जिससे खेती-किसानी का कार्य प्रभावित हो रहा है। संगठन का कहना है कि किसानों की अन्य समस्याओं को भी प्रदर्शन के माध्यम से प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा।
इस संबंध में किसान कांग्रेस (शहर) के जिलाध्यक्ष मनोज दुबे ने प्रशासन से प्रदर्शन को लेकर आवश्यक सुरक्षा एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। संगठन का कहना है कि यह प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित किया जाएगा और किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button