बोकारो में भी केन्द्र सरकार के विरूद्ध राजनीतिक दलों का प्रदर्शन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। सोमवार को शिक्षा प्रणाली में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर भाकपा माले के बोकारो समाहरणालय पर प्रदर्शन को आम आदमी पार्टी ने समर्थन दिया। जंतर-मंतर से संसद घेराव को लेकर देशभर में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम बांगचुक और काॅकरोच जनता पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रदर्शन का आह्वान किया था। बोकारो में भी उसी कड़ी में कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए आप के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी कुमार राकेश ने कहा कि वर्तमान मोदी सरकार तानाशाह हो चुकी है। देश भर के युवा और छात्र जवाबदेही तय करते हुए पेपर लीक के दोषी धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रहे हैं।इसके लिए जंतर-मंतर अनशन पर शांतिपूर्वक बैठे सोनम बांगचुक को जबरन उठा लिया गया। शांतिपूर्वक संसद भवन का घेराव करने जा रहे लाखों-लाख युवाओं पर लाठीचार्ज करना, अश्रु गैस छोड़ना डर को दर्शाता है। इसलिए अब सीधे प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी का इस्तीफा होना चाहिए।
कार्यक्रम को समर्थन देते हुए आप के जोनल प्रभारी विधान चंद्र राय ने कहा कि पिछले बारह साल में छात्रों 100 के करीब पेपर लीक हो चुके हैं। इसके लिए सभी विपक्षी दल एक साथ सरकार के खिलाफ आंदोलनरत हैं। अब केंद्र सरकार के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर गद्दी से उतारने का वक्त आ गया है।
कार्यक्रम को समर्थन देने वालों में आम आदमी पार्टी जिला सचिव बैजनाथ गोराई, उपाध्यक्ष उत्तम सिंह चौधरी, केएपी वर्मा, अशोक कुमार, संतोष कुमार, मनौवर अंसारी, भगवान सिंह कुशवाहा, संजय रजक, शंकर मांझी सहित अन्य शामिल थे।




