गोड्डा
एसआईआर को लेकर पथरगामा प्रखंड कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित
अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने के दिए गए निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा/गोड्डा : प्रखंड कार्यालय के सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी नितेश कुमार गौतम की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर प्रखंड एवं अंचल कर्मियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए बीडीओ ने सभी संबंधित कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मृत, स्थायी अथवा अस्थायी रूप से पलायन कर चुके, डुप्लीकेट तथा फॉर्म पर हस्ताक्षर करने से इनकार करने वाले मतदाताओं के मामलों की विधिसम्मत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि जो व्यक्ति भारतीय नागरिक नहीं हैं, उनका नाम नियमानुसार मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने पर विशेष जोर दिया गया। सभी कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्र में निर्धारित समय-सीमा के भीतर सर्वेक्षण एवं सत्यापन कार्य पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ संपन्न करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी श्रवण कुमार पांडेय, कल्याण पदाधिकारी पुरुषोत्तम राय, प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी गौतम कुमार, अंचल निरीक्षक अमन कुमार, सामाजिक सुरक्षा कोषांग की शर्मिला किस्कू, निर्वाचन कोषांग के सत्यनारायण दास, अजय हांसदा सहित प्रखंड एवं अंचल कर्मी उपस्थित थे।



