शामली
भडी प्राथमिक विद्यालय ढाई साल बाद अपने भवन में लौटा
15 लाख रुपए की लागत से बने नए भवन का लोकार्पण हुआ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। भडी प्राथमिक विद्यालय को करीब ढाई साल बाद अपना नया भवन मिल गया है। मंगलवार को 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस भवन का लोकार्पण किया गया। नए भवन के शुरू होने से छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को सुरक्षित व बेहतर शैक्षिक वातावरण में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा।
वर्ष 2023 में भडी प्राथमिक विद्यालय की पुरानीइमारत जर्जर घोषित होने के बाद उसे ध्वस्त कर दिया गया था। इसके बाद से विद्यालय का संचालन चौसाना के सुंदरनगर प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित एक मंदिर परिसर में किया जा रहा था।अस्थायी व्यवस्था और विद्यालय की दूरी बढ़ने के कारण कई अभिभावकों ने अपने बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर दिया था। इससे विद्यालय की छात्र संख्या 150 से घटकर लगभग 100 रह गई थी। बच्चों और शिक्षकों को करीब ढाई साल तक गर्मी, बरसात और सर्दी में कठिन परिस्थितियों के बीच पढ़ाई करनी पड़ी।सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यालय के तीन शिक्षकों ने शिक्षण कार्य जारी रखा। अभिभावकों की लगातार मांग और मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद निर्माण कार्य में तेजी आई। करीब 15 लाख रुपये की लागत से नया विद्यालय भवन तैयार किया गयामंगलवार को आयोजित लोकार्पण समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने भाग लिया। अतिथियों ने फीता काटकर भवन का शुभारंभ किया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविंद सैनी ने बतायाकि स्थायी भवन मिलने से बच्चों को अब सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण में शिक्षा मिल सकेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए भवन के शुरू होने से विद्यालय में छात्र संख्या बढ़ेगी और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा। ग्रामीणों ने भी नए भवन के निर्माण को क्षेत्र की शिक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

