कैराना
दिल्ली प्रदर्शन की गूंज कैराना तक, सपा-कांग्रेस पदाधिकारियों को रातभर थाने में बैठाया
राहुल गांधी व अखिलेश यादव की हिरासत के विरोध में सक्रिय नेताओं पर पुलिस की नजर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। दिल्ली में छात्रों के मुद्दों को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी तथा समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत अन्य नेताओं को हिरासत में लिए जाने के बाद शामली जनपद में भी पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया। एहतियात के तौर पर सपा और कांग्रेस के कई पदाधिकारियों को हिरासत में लेकर रातभर थानों में बैठाए रखा गया। बुधवार सुबह उन्हें छोड़ दिया गया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अखलाक चौधरी ने बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपने आवास पर मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस की दो गाड़ियां पहुंचीं और उन्हें शमशीर खान, मुस्तकीम मल्लाह, सलमान राणा तथा इब्राहिम सिद्दीकी के साथ हिरासत में लेकर कैराना कोतवाली ले जाया गया। उनका आरोप है कि सभी को पूरी रात थाने में बैठाए रखा गया। बुधवार सुबह रिहा होने के बाद उन्होंने कहा कि सरकार को पेपर लीक और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर जवाब देना चाहिए। उनका आरोप था कि छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
उधर, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शामली स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें और अन्य पदाधिकारियों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। बाद में सभी को छोड़ दिया गया। बुधवार सुबह सपा लोहिया वाहिनी के जिला महासचिव कलीम हसन, प्रदेश सचिव शमशेर जंग, प्रदेश उपाध्यक्ष अश्वनी गुर्जर, युवजन सभा के जिलाध्यक्ष संदीप चौधरी, अफसरुन मुखिया और सावेज को भी पुलिस कैराना कोतवाली लाई, जहां आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।कोतवाली प्रभारी ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सपा और कांग्रेस के कुछ पदाधिकारियों को एहतियातन हिरासत में लिया गया था। बाद में सभी को छोड़ दिया गया।
