कानपुर
रक्षाबंधन पर सेवा, सुरक्षा और प्रकृति के प्रति समर्पण का अनूठा संदेश दिया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : रक्षाबंधन के पावन पर्व पर रॉयल ड्रीम वर्ल्ड इंटर कॉलेज बिठूर की छात्राओं ने भाई-बहन के प्रेम की परंपरा को सामाजिक सरोकार और कृतज्ञता की भावना से जोड़ते हुए एक अनूठी पहल की। छात्राएं श्री निखिल बाजपेयी सर के साथ थाना बिठूर एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बिठूर पहुंचीं, जहां उन्होंने पुलिसकर्मियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को राखी बांधकर उनकी निस्वार्थ सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
छात्राओं ने सभी कर्मियों को धन्यवाद कार्ड भेंट करते हुए उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की। इस पहल ने रक्षाबंधन के संदेश को केवल पारिवारिक रिश्तों तक सीमित न रखकर समाज की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए दिन-रात समर्पित लोगों के सम्मान से जोड़ दिया। वहीं विद्यालय परिसर में भी रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। बच्चों ने पेड़ों को राखी बांधकर उनकी रक्षा और संरक्षण का संकल्प लिया। इसके साथ ही विद्यालय के ड्राइवरों एवं सुरक्षा गार्डों को राखी बांधकर उनकी निरंतर सेवा, देखभाल और जिम्मेदारी के लिए धन्यवाद दिया गया। बच्चों की इस पहल ने “रिश्तों की रक्षा के साथ प्रकृति और समाज की रक्षा” का खूबसूरत संदेश दिया। चेयरमैन रोहित मिश्रा ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं,बल्कि सुरक्षा,विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक है। हमारे पुलिसकर्मी, स्वास्थ्यकर्मी,ड्राइवर,सुरक्षा गार्ड और प्रकृति—सभी हमारे जीवन की सुरक्षा और संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनका सम्मान करना और इनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना ही पर्व की वास्तविक भावना है। प्रधानाचार्या सपना सिंह ने कहा कि बच्चों को केवल पुस्तकीय ज्ञान देना हमारा उद्देश्य नहीं है, बल्कि उनमें संवेदनशीलता,कृतज्ञता,जिम्मेदा री और प्रकृति के प्रति प्रेम जैसे संस्कार विकसित करना भी हमारी प्राथमिकता है। रक्षाबंधन के माध्यम से बच्चों ने यह संदेश दिया कि रक्षा का संकल्प केवल एक रिश्ते तक सीमित नहीं,बल्कि समाज,पर्यावरण और मानवता के प्रति भी हमारी जिम्मेदारी है। विद्यालय की इस पहल ने रक्षाबंधन के उत्सव को प्रेम,सम्मान, सेवा और पर्यावरण संरक्षण के प्रेरणादायी संदेश में बदल दिया।


