मथुरा
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा में विद्युत पैनल बॉक्स खड़े कर रहे सवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। शहर में खुले पड़े विद्युत पैनल बॉक्स श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहे हैं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान के आसपास और डीग गेट क्षेत्र में खुले पड़े पैनल बॉक्स से निकल रहे विद्युत तार से करंट के कारण हादसे की आशंका बनी हुई है। जन्माष्टमी पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मथुरा आते हैं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान, डीग गेट सहित प्रमुख मार्गों पर दिन-रात श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। ऐसे में खुले विद्युत पैनल बॉक्स हादसे का कारण बन सकते हैं। खासकर बच्चों और श्रद्धालुओं को खतरे का अंदाजा नहीं होता। इससे वे जल्दी चपेट में आ जाते हैं। स्थानीय दुकानदार मोहित गर्ग ने बताया कि कर्मचारी काम करने के बाद पैनल बॉक्स बंद नहीं करते हैं। इससे कई जगह बॉक्स काफी समय से खुले पड़े हैं। इनमें विद्युत तार साफ दिखाई देते हैं। बारिश के मौसम में इनसे करंट फैलने का खतरा और बढ़ जाता है। दुकानदार रमेश अग्रवाल ने कहा कि खुले पैनल बॉक्स को तत्काल बंद कराने के साथ क्षतिग्रस्त बॉक्स को बदलने के इंतजाम किए जाएं, जिससे जन्माष्टमी पर कोई अप्रिय घटना न हो। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के मुख्य अभियंता राजीव गर्ग ने खुले पड़े पैनल बॉक्स को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को कार्य पूरा होने के बाद पैनल बॉक्स तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में उन्होंने अधीक्षण अभियंताओं को पत्र भी लिखा है। पत्र में बुधवार से खुले पैनल बॉक्स बंद कराने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।



