बरेली
रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की मिलावट करने वालों के खिलाफ छापेमारी
मिठाई-पनीर समेत 15 नमूनों को संग्रहित प्रयोगशाला भेजा जांच के लिए

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा लखनऊ और जिलाधिकारी बरेली के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय के आदेश पर चार टीमों ने शहर और देहात में छापेमारी कर नमूने संग्रहित किए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में रामपुर रोड स्थित किस स्वीट्स से बर्फी और काजू कतली, बड़ा बाजार स्थित दीप स्वीट्स से घेवर और सोनपापड़ी , इंडस अजंता दोहरा रोड से बेसन का लड्डू और घेवर के नमूने लिए गए।
तहसील बहेड़ी क्षेत्र के गांव पडेरा थाना शेरगढ़ से बर्फी, मवई काजियान से बर्फी, रामगंगा चौकी पर वाहन संख्या यूपी 25 एटी 9278 में बिक्री के लिए ले जाए जा रहे पनीर का नमूना, एमआरएमएस होटल एंड रिसोर्ट इंडिया लि0 (रेडिसन होटल) मुड़िया अहमदनगर से पनीर, फतेहगंज पूर्वी में सोहन लाल मिष्ठान भंडार से खोया और फरीदपुर बजरिया में विनोद लौज वालों से दूध की लौज का नमूना लिया गया। 27 अगस्त को मौलागढ़ में खाद्य कारोबारी शेरखान से बर्फी और गांव आसपुर गौटिया से मिल्क केक का एक-एक नमूना संग्रहित किया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय राहुल सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन पर्व पर आम जनमानस को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।




