हापुड़

वाहन चोरों पर पुलिस का बड़ा वार 

चोरी की बाइक समेत दो गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

हापुड़। जनपद में अपराध की रोकथाम और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए हापुड़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हापुड़ नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस के अनुसार थाना हापुड़ नगर क्षेत्र में अपराधियों और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने दस्तोई जाने वाले अंडरपास के पास संदिग्ध परिस्थितियों में दो युवकों को रोककर पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस को उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल तथा मोटरसाइकिल के विभिन्न पार्ट्स बरामद हुए। इसके बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फराज पुत्र रईस अहमद और अदनान पुत्र उमर दराज, के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल और उसके पार्ट्स को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी करने वाले गिरोह और उनसे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में पुलिस द्वारा आवश्यक सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही आरोपियों से पूछताछ के आधार पर वाहन चोरी की अन्य घटनाओं के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है।

थाना हापुड़ नगर के प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि जनपद में अपराध और वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक रमेश देशवाल, उप निरीक्षक शुभम यादव, उप निरीक्षक आशीष रस्तोगी, हेड कांस्टेबल रवीश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button