गोड्डा

कुड़मि समुदाय ने मनाया गोमहा परब

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। जिले के पथरगामा प्रखंड अंतर्गत पीपरा पंचायत के होपनाटोला गांव में आदिबासि कुड़मि समाज के जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार महतो मुतरुआर ने पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ गोमहा परब मनाया। कुड़मि समुदाय में गोमहा परब श्रावण पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है। कुड़मालि संस्कृति में गोमहा परब को बड़े त्योहार के रूप में भले ही नहीं मनाया जाता है, लेकिन इसे एक महत्वपूर्ण कृषि उत्सव के रूप में मनाने की परंपरा रही है। यह पर्व खेती-किसानी और कृषि कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पशुधन के प्रति सम्मान एवं आभार प्रकट करने से जुड़ा हुआ है। गोमहा परब के अवसर पर पारंपरिक नियमों के अनुसार हल चलाने वाले बैलों को स्नान कराया जाता है। इसके बाद गाय और बैल को लहसुन, भेलुवा, नमक आदि मिलाकर खिलाया जाता है। इस परंपरा के माध्यम से किसान अपने कृषि कार्य में सहयोग करने वाले पशुओं के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।
शाम के समय किसान अपने घरों में पारंपरिक रूप से मुर्गे का मांस एवं पीठा तैयार कर परिवार के साथ भोजन करते हैं। इस दौरान परिवार के सदस्य एवं समाज के लोग मिलकर पर्व की खुशियां मनाते हैं। दिनेश कुमार महतो मुतरुआर ने कहा कि गोमहा परब कुड़मि समाज के पारंपरिक कृषि जीवन और लोक-संस्कृति से जुड़ा हुआ पर्व है। वर्तमान समय में भले ही इस पर्व का व्यापक स्तर पर आयोजन नहीं होता, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी इसकी पारंपरिक मान्यताओं और रीति-रिवाजों का पालन किया जाता है।
उन्होंने कहा कि कुड़मि समाज के पारंपरिक पर्व, संस्कृति, रीति-रिवाज एवं लोकपरंपराओं को संरक्षित करना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे पर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान और कृषि आधारित जीवन-पद्धति की महत्वपूर्ण विरासत हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button