गाजियाबाद

लोनी में चेन लूट का आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

दूसरा साथी मौके का फायदा उठाकर फरार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की वारदातों पर शिकंजा कसते हुए ग्रामीण जोन और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने का दावा किया है पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चेन स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल दो संदिग्ध बदमाश मोटरसाइकिल से निठोरा मार्ग की तरफ से आने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने इलाके में चेकिंग और घेराबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान निठोरा की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए।
पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवारों ने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया। पीछा किए जाने के दौरान उनकी मोटरसाइकिल हड़बड़ी में अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि उसका साथी फरार होने में कामयाब रहा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. आसिफ निवासी सुल्तान नगर, मुस्तफाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर 23 अगस्त की रात अपने साथी के साथ मिलकर मुस्तफाबाद के पास एक महिला के गले से सोने की चेन झपटने की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
एसीपी राम किशन राना के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 16 हजार रुपये नकद, मुथूट फाइनेंस की रसीद, एक अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर चेन स्नैचिंग की अन्य वारदातों के संबंध मे भी पूछताछ की जा रही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button