कैराना

पोल्ट्री फार्म के नाम पर फर्जीवाड़ा

कूटरचित दस्तावेजों से कराया अनुबंध; दो गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

कैराना। पोल्ट्री फार्म स्थापित करने के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने के मामले में कैराना पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपितों ने फर्जी पैन कार्ड, आधार कार्ड, दूसरे व्यक्ति की भूमि की कूटरचित खतौनी और फर्जी अनापत्ति प्रमाण पत्र तैयार कर भूमि पर पोल्ट्री फार्म स्थापित करने के लिए अनुबंध कराया था।

पुलिस के मुताबिक ग्राम धालपड़ा निवासी मोहम्मद असजद ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर यह फर्जीवाड़ा किया। जांच में उसके भाई शाद की भी मामले की जानकारी होने और संलिप्तता सामने आई है। इसके अलावा आकाश निवासी टीगरी रामगढ़, सहारनपुर, सब्बन निवासी भूरा, कैराना और तसव्वर के गारंटर की भूमिका की भी जांच में जानकारी मिली है।मामले में शामली के एक ब्रांच मैनेजर की तहरीर पर कैराना थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक शामली एनपी सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे धोखाधड़ी और जालसाजी के विरुद्ध अभियान के तहत रविवार को कैराना पुलिस ने सब्बन उर्फ सोयब निवासी भूरा और सुहैल निवासी बराला को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ पुलिस ने अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सतीश सिंह, हेड कांस्टेबल अनिल, हेड कांस्टेबल प्रमेश और कांस्टेबल अरुण शामिल रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button