शामली
राष्ट्रीय लोकदल का सहकारिता एवं किसान सम्मेलन आयोजित
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। गांव नाला में राष्ट्रीय लोकदल की ओर से सहकारिता एवं किसान सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में किसानों के हित, सहकारिता व्यवस्था को मजबूत करने तथा गांव, गरीब और किसान की आवाज को मजबूती से उठाने को लेकर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह बिड्डी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में योगेंद्र सिंह चेयरमैन, प्रदेश अध्यक्ष खेल प्रकोष्ठ दीपक तोमर, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहकारिता प्रकोष्ठ रामकुमार सिंह चेयरमैन, शामली जिलाध्यक्ष चौधरी वाजिद अली, शामली विधानसभा से वर्ष 2017 में रालोद प्रत्याशी रहे बिजेंद्र मलिक, जिला पंचायत सदस्य अरविंद पवार तथा टीम आरएलडी के जिला संयोजक डॉ. विक्रांत जावला मौजूद रहे।
सम्मेलन के दौरान विनोद पंवार को शामली जिले के सहकारिता प्रकोष्ठ का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं सोनू पंवार पुत्र बृजपाल को टीम आरएलडी का नाला ग्राम संयोजक बनाया गया। नई जिम्मेदारी मिलने पर कार्यकर्ताओं ने दोनों का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि अमरजीत सिंह बिड्डी ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल की राजनीति का आधार हमेशा किसान, मजदूर, युवा और गांव के सम्मान एवं विकास को लेकर रहा है। सभी कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करते हुए जनहित के मुद्दों को लेकर निरंतर संघर्ष करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता योगेंद्र सिंह चेयरमैन ने की, जबकि संचालन बाबूराम पंवार और सुनील पंवार ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान दर्जनों कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।