खाखन पुल पहुंचे एसपी षियाज के.एम.,यातायात व्यवस्था का लिया जायजा
भारी वाहनों को पुल से गुजरने पर रोक, वैकल्पिक मार्गों से आवागमन की अपील

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। लगातार बारिश और जलप्रवाह के कारण प्रभावित खाखन पुल पर मरम्मत कार्य के बाद फिलहाल दोपहिया और छोटे चारपहिया वाहनों का आवागमन किया जा रहा है। पुल की वर्तमान स्थिति को देखते हुए भारी एवं बड़े वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई गई है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक सिंगरौली श्री षियाज के.एम. ने स्वयं खाखन पुल पहुंचकर यातायात और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुल पर भारी वाहनों के पहुंचने से उत्पन्न हो रही जाम की स्थिति को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने वाहन चालकों से बातचीत की और उन्हें निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से आवागमन करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारी वाहन खाखन पुल से न ले जाएं।मौके पर मौजूद एसडीओपी देवसर श्रीमती गायत्री तिवारी और थाना प्रभारी जियावन श्री राजेश मिश्रा को क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग करने तथा पुल और आसपास के मार्गों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। भारी वाहन चालकों को पुल की ओर जाने से रोककर वैकल्पिक मार्गों की जानकारी देने के लिए भी कहा गया।
भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
बैढ़न से सीधी जाने वाले भारी वाहन बैढ़न से मोरवा/बरगवां, चितरंगी, कर्थुआ होते हुए सीधी जा सकते हैं। दूसरे मार्ग के रूप में बैढ़न, बरगवां, झुरही तिराहा, बरका, महुआगांव, निगरी, निवास होते हुए सीधी जाने की व्यवस्था बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों को संवेदनशील नदी-नालों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। यातायात पुलिस को वैकल्पिक मार्गों पर व्यवस्था बनाए रखने और भारी वाहनों को निर्धारित मार्गों पर डायवर्ट करने के लिए कहा गया है।
सिंगरौली पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों और तेज बहाव वाले स्थानों पर अनावश्यक जोखिम न लें। सड़क या पुल के ऊपर पानी बहने की स्थिति में उसे पार करने का प्रयास न करें और पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।



