मथुरा
मथुरा कृष्ण जन्माष्टमी पर दो दिन तक वाहन प्रतिबंधित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। जन्माष्टमी पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि और वृंदावन में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने व्यापक मार्ग परिवर्तन योजना बनाई है। वृंदावन में भी छटीकरा, सौ-सैया, पानीगांव, रुक्मिणी विहार और अन्य प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। श्रद्धालुओं के लिए आईटीआई, दारुख पार्कंग, मंडी, पवनहंस हेलीपैड, एमवीडीए, वैष्णोदेवी, मल्टीलेवल समेत कई पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करें और डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें। इस दौरान फायर सर्विस, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए आवागमन खुला रहेगा। मथुरा में गोवर्धन चौराहा, मंडी चौराहा, भूतेश्वर तिराहा, मसानी चौराहा, डीग गेट, गोकर्ण तिराहा, स्टेट बैंक चौराहा, कृष्णापुरी और नया बस स्टैंड समेत कई स्थानों से श्रीकृष्ण जन्मभूमि की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। चार पहिया वाहन, ऑटो, टेंपो और ई-रिक्शा के आवागमन पर भी कई मार्गों पर रोक रहेगी। रोडवेज और नगर निगम की बसों को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा। भारी वाहनों को धौली प्याऊ और एनएच-19 समेत अन्य वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। यमुना एक्सप्रेसवे और वृंदावन की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पीएमवी पॉलीटेक्निक, जयसिंहपुरा स्थित खाली प्लॉट समेत अन्य स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। एनएच-19 से आने वाले वाहनों को मंडी परिसर में पार्क कराया जाएगा जबकि लक्ष्मीनगर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए जीआईसी इंटर कॉलेज और सदर बाजार रामलीला मैदान में पार्किंग रहेगी।



