दिशा की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, सांसद विजय कुमार हांसदा ने समयबद्ध क्रियान्वयन के दिए सख्त निर्देश
Review of development schemes at the DISHA meeting; MP Vijay Kumar Hansda issues strict instructions for time-bound implementation.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक समाहरणालय सभागार में राजमहल लोकसभा क्षेत्र से हैट्रिक लगाये सांसद विजय कुमार हांसदा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में केन्द्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, लंबित परियोजनाओं तथा आम लोगों से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। उन्होंने पूर्व बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा। उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल ने बताया कि मनरेगा के तहत पिछले दो वर्षों में जिले में 769 डोभा, 501 ट्रेंच कम बंड (टीसीबी) और 734 कुओं का निर्माण कराया गया है। वर्तमान में ग्राम सभा एवं पंचायत स्तर पर जल संरक्षण से संबंधित योजनाओं का चयन और क्रियान्वयन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा के दौरान सांसद ने क्षतिग्रस्त एवं जर्जर सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्वीकृत एवं लंबित सड़कों की सूची जनप्रतिनिधियों के साथ साझा करने तथा निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा। धरमपुर-पाकुड़ सड़क निर्माण में तेजी लाने का भी निर्देश दिया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी) तथा अबुआ आवास योजना की समीक्षा करते हुए लंबित आवासों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। वहीं शहरी जलापूर्ति योजना के तहत अब तक 300 घरों में जलापूर्ति कनेक्शन दिए जाने की जानकारी दी गई।
बरसात के दौरान इंटेक वेल में गाद जमा होने की समस्या के स्थायी समाधान के लिए दीर्घकालिक योजना तैयार करने पर भी चर्चा हुई। लिट्टीपाड़ा एवं अमड़ापाड़ा क्षेत्र में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए बेहतर कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। गंगाजल योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि दूसरे चरण में संबंधित क्षेत्रों को योजना से जोड़ा जाएगा। साहिबगंज से गंगा जल लाने के लिए इंटेक वेल निर्माण का कार्य प्रगति पर है, जिसे दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी हुई चर्चा विद्युतीकरण की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले के नौ गांवों में अभी विद्युत आपूर्ति नहीं पहुंची है। इन क्षेत्रों में जेआरईडीए के माध्यम से कार्य किया जा रहा है। महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने खराब ट्रांसफॉर्मरों को तत्काल बदलने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की समीक्षा में सदर अस्पताल की रात्रिकालीन चिकित्सा व्यवस्था, एंबुलेंस सेवा एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि रात्रिकालीन आपातकालीन सेवा के लिए चिकित्सक उपलब्ध रहते हैं तथा पुराने एंबुलेंसों की मरम्मत एवं रखरखाव की कार्रवाई की जा रही है। बैठक के दौरान सांसद, विधायकगण, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, डीएफओ एवं जिला परिषद अध्यक्ष ने विभिन्न योजनाओं के 12 लाभुकों के बीच स्वीकृति पत्र एवं परिसंपत्तियों का वितरण किया। समाज कल्याण विभाग की ओर से नियुक्ति पत्र, आवास विभाग द्वारा पीएम जनमन एवं अबुआ आवास का लाभ, स्वास्थ्य विभाग की ओर से पोषण किट, कृषि विभाग के माध्यम से किसान समृद्धि योजना का लाभ तथा खेल विभाग की ओर से क्रिकेट, साइकिल एवं कबड्डी किट वितरित किए गए। जेएसएलपीएस के माध्यम से दो लाभुकों को सीएलएफ फंड से संबंधित लाभ भी प्रदान किया गया। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने अधिकारियों को सांसद द्वारा दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक के अंत में सांसद विजय कुमार हांसदा ने निर्देश दिया कि बैठक में लिए गए निर्णयों की प्रगति अगली बैठक से पूर्व सुनिश्चित की जाए और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। बैठक में महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी, लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू, पाकुड़ विधायक निशात आलम, उपायुक्त मेघा भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह, डीएफओ सौरभ चंद्रा, जिला परिषद अध्यक्ष जूली खिष्टमणि हेम्ब्रम, नगर परिषद उपाध्यक्ष राणा ओझा सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



