मधुवापाड़ा में पंचायत भवन निर्माण कार्य का विधायक निसात आलम ने किया उद्घाटन
MLA Nisat Alam inaugurated the construction work of the Panchayat Bhawan in Madhuvapada.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
बरहरवा (साहेबगंज)। जिला परिषद, साहेबगंज की योजनान्तर्गत बरहरवा प्रखंड के मधुवापाड़ा में पंचायत भवन निर्माण कार्य का उद्घाटन शुक्रवार को पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक निसात आलम ने किया। उद्घाटन कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। उद्घाटन के दौरान ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं को रखा। विधायक निसात आलम ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी लेते हुए उनके समाधान का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के दौरान SIR नोटिस को लेकर भी ग्रामीणों के बीच चर्चा हुई। विधायक ने ग्रामीणों को SIR प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रक्रिया के तहत आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी रखते हुए उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तैयार एवं प्रस्तुत करना जरूरी है। विधायक ने ग्रामीणों से किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रम में नहीं पड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि आवश्यक दस्तावेजों को सही तरीके से तैयार रखें और किसी भी तरह की शंका होने पर संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त करें। इस दौरान ग्रामीणों ने SIR प्रक्रिया से जुड़े कई सवाल एवं अपनी शंकाएं विधायक के समक्ष रखीं, जिनका उन्होंने यथासंभव समाधान करते हुए आवश्यक जानकारी दी। पंचायत भवन निर्माण कार्य के शुभारंभ को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने पंचायत भवन को क्षेत्र के विकास एवं पंचायत स्तर पर प्रशासनिक कार्यों के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी सनी कुमार दास, जिला अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि बरकत खान, प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष अशोक कुमार दास, JMM प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल गफूर, हेमा सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी, पंचायत एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



