राज्य के हितों की रक्षा के लिए एकजुट हों लोग- उपासना मरांडी
People must unite to protect the state's interests – Upasana Marandi

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़िया, पाकुड़। पाकुड़िया प्रखंड की बन्नोग्राम पंचायत स्थित बन्नोग्राम गांव में केंद्र सरकार के MMDR कानून के विरोध में झामुमो की ओर से जनजागरण अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व पर्यवेक्षक सह झामुमो केंद्रीय कमेटी सदस्य उपासना मरांडी ने किया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उपासना मरांडी ने कहा कि पार्टी की ओर से MMDR कानून के प्रावधानों को लेकर ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि कानून के प्रावधानों से राज्य सरकार को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है, जिसका असर झारखंड की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर पड़ सकता है। उन्होंने मंईयां सम्मान योजना, विधवा पेंशन एवं वृद्धावस्था पेंशन समेत अन्य योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये योजनाएं सीधे आम जनता के हित से जुड़ी हैं। उपासना मरांडी ने कहा कि झारखंड के अधिकार एवं हितों की रक्षा के लिए लोगों का जागरूक और एकजुट होना जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने की अपील की। साथ ही आगामी 7 सितंबर को पाकुड़िया प्रखंड मुख्यालय में प्रस्तावित कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। जनजागरण अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। इस दौरान “केंद्र सरकार होश में आओ” और “काला कानून वापस लो” जैसे नारे लगाए गए। कार्यक्रम में पर्यवेक्षक विश्वजीत दास, सूरज रविदास, सोयलेन मुर्मू, फूलोमीना हेम्ब्रोम, प्रश्नजीत दास, गांव के ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।



