
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। बरेली कॉलेज परिसर में उत्तर प्रदेश वन विभाग द्वारा ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुख्य अतिथि वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने कहा कि हर व्यक्ति को अधिक से अधिक पेड़ लगाकर उसकी सुरक्षा का संकल्प लेना चाहिए। अगली पीढ़ी के लिए अधिक से अधिक पेड़ छोड़ना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रदेश में रिकॉर्ड पौधारोपण का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात में भी उत्तर प्रदेश सरकार की इस पहल की सराहना की है। इससे पहले चीफ फॉरेस्ट कंजर्वेटर पी.पी. सिंह और डीएफओ दीक्षा भंडारी (IFS) ने मंत्री डॉ. अरुण कुमार का पुष्प देकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक डॉ. लाल बहादुर गंगवार, डॉ. रवि प्रकाश शर्मा, अनुज शर्मा, संजीव सक्सेना, इको क्लब अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, कुमारी श्वेता शर्मा, प्रो. डॉ. खरे सहित कई शिक्षकों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
बाद में अतिथियों व वरिष्ठ अधिकारियों ने दर्जनों पौधे लगाए। वन मंत्री ने वृक्षारोपण में उत्कृष्ट कार्य के लिए शिक्षकों की सराहना की। आभार फॉरेस्ट ऑफिसर वैभव चौधरी ने व्यक्त किया।




