ललितपुर

भारी बारिश से फसलें तबाह

मुआवजा और बीमा लाभ दिलाने की मांग

भाकियू लोकशक्ति ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
राजस्व व बीमा कंपनी की संयुक्त जांच कराने की उठाई मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। पिछले तीन दिनों से हुई लगातार मूसलाधार बारिश से किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। खेतों में जलभराव और नदियों-नालों के उफान के चलते उड़द, मूंग, मूंगफली, मक्का, तिल और सोयाबीन की फसलें बर्बाद होने का दावा किया गया है। फसल नुकसान को लेकर भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के पदाधिकारियों एवं किसानों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर तत्काल सर्वे कराकर मुआवजा एवं फसल बीमा का लाभ दिलाने की मांग की। भाकियू लोकशक्ति के पदाधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की स्थिति बेहद खराब हो गई है। संगठन की टीम ने बिरधा ब्लॉक के विभिन्न गांवों में पहुंचकर फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया। संगठन के अनुसार बिरधा ब्लॉक के लगभग हर गांव में बारिश और जलभराव से फसलें प्रभावित हुई हैं। किसानों का कहना है कि खेती ही उनकी आय का प्रमुख साधन है। बड़ी संख्या में किसानों ने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के माध्यम से ऋण लेकर खेती में पूंजी लगाई थी। अब फसलें नष्ट होने से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है और बैंक ऋण चुकाने की चिंता भी बढ़ गई है। ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने मांग की कि राजस्व विभाग की टीम और संबंधित फसल बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से खेतों का जल्द सर्वे कराया जाए। नुकसान का वास्तविक आकलन कर पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा एवं फसल बीमा की राशि उपलब्ध कराई जाए। भाकियू लोकशक्ति ने प्रशासन से बारिश से प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने तथा फसल नुकसान की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कहा कि संकट की इस घड़ी में किसानों को तत्काल सरकारी सहायता और बीमा लाभ दिलाया जाना आवश्यक है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button