पाकुड़

किसानों की आय बढ़ाने पर जोर, कृषि प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना का निर्देश

Emphasis on increasing farmers' income; directive issued to set up agro-processing units.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में आत्मा शासकीय निकाय एवं जिला खाद्य सुरक्षा मिशन कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में कृषि एवं संबद्ध विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए किसानों की आय बढ़ाने और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने जिले में दाल मिल और तेल मिल जैसी कृषि प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना पर जोर देते हुए कृषि विज्ञान केंद्र एवं जिला कृषि पदाधिकारी को प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर प्रसंस्करण और मूल्यवर्धन से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने बंगाल के बड़े व्यापारियों एवं संभावित बाजारों से संपर्क स्थापित कर किसानों को स्थानीय स्तर पर बेहतर बाजार उपलब्ध कराने तथा बाजार की मांग के अनुरूप उत्पादन को बढ़ावा देने का निर्देश दिया। बैठक में चना एवं मसूर के आधार बीज से प्रमाणित बीज उत्पादन के लिए किसानों को प्रशिक्षण देने तथा जिले में गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन को बढ़ावा देने पर भी सहमति बनी। इसके अलावा किसान प्रशिक्षण, परिभ्रमण, किसान-वैज्ञानिक संवाद, किसान गोष्ठी और किसान मेला आयोजित करने की कार्ययोजना को स्वीकृति दी गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि कृषि संबंधी गतिविधियां केवल औपचारिकता तक सीमित न रहें, बल्कि उनका सीधा लाभ किसानों तक पहुंचे और उत्पादकता, गुणवत्ता एवं आय में वृद्धि सुनिश्चित हो। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक आत्मा अभिषेक मिश्रा, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक डॉ. माया कुमारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, समिति सदस्य एवं किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button