ललितपुर
सिलगन रेलवे अंडर ब्रिज के नीचे ट्रक खराब, राजघाट मार्ग पर भीषण जाम
दोनों ओर वाहनों की लगी लंबी कतारें, यातायात पुलिस ने संभाली व्यवस्था

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। राजघाट मार्ग पर सिलगन रेलवे अंडर ब्रिज के नीचे गुरुवार रात एक ट्रक खराब हो जाने से भीषण जाम लग गया। ट्रक के बीच सड़क पर खराब होने केकारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ललितपुर मुख्यालय से करीब चार किलोमीटर दूर राजघाट मार्ग पर गुरुवार रात करीब 10 बजे राजघाट की ओर जा रहा एक ट्रक सिलगन रेलवे अंडर ब्रिज के नीचे अचानक खराब हो गया। अंडर ब्रिज के नीचे सड़क अपेक्षाकृत संकरी होने के कारण ट्रक के खराब होते ही यातायात प्रभावित हो गया और देखते ही देखते दोनों दिशाओं में वाहनों की कतारें लग गईं। जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि देर रात तक यातायात सामान्य नहीं हो सका। रात करीब 12 बजे तक भी ट्रक को मौके से हटाया नहीं जा सका था, जिसके चलते वाहन चालक जाम में फंसे रहे। कई वाहन चालकों को काफी देर तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने के प्रयास शुरू किए। पुलिस कर्मियों ने यातायात को व्यवस्थित करने के साथ ही फंसे हुए वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग से निकलने की सलाह दी, ताकि मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव कम किया जा सके। यातायात प्रभारी आलोक तिवारी ने बताया कि खराब ट्रक को जल्द से जल्द मौके से हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है। ट्रक हटते ही यातायात व्यवस्था सामान्य होने की उम्मीद है।



