हापुड़

राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 से सम्मानित हुए हापुड़ के शिक्षक अमित कुमार शर्मा

शिक्षक दिवस पर गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया सम्मान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

हापुड । हापुड के राजकीय इंटर कॉलेज अनूपपुर डिबाई के शिक्षकअमित कुमार शर्मा का चयन उत्तर प्रदेश राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 के लिए हुआ है। उन्हें शिक्षक दिवस के अवसर 5 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योगी बाबा गम्भीरनाथ प्रेक्षागृह गोरखपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित किया गया है ।

जनपद हापुड़ के शिक्षक अमित कुमार शर्मा का राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 के लिए चयन हुआ है । हापुड़ के लिए यह गर्व का ऐतिहासिक क्षण है । जनपद हापुड़ के  पहले माध्यमिक शिक्षक अमित कुमार शर्मा  हैं जिन्हे राज्य स्तरीय  अध्यापक पुरस्कार दिया गया है l इन्होंने पहले ही प्रयास में सफलता हासिल की  है |जनपद हापुड़ के राजकीय इंटर कॉलेज अनूपपुर डिबाई में कार्यरत वरिष्ठ एवं नवाचारी शिक्षक अमित कुमार शर्मा का उत्तर प्रदेश राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025 के लिए चयन किया गया है ।

आपको बता दें कि  उत्तर प्रदेश शासन द्वारा राज्य अध्यापक पुरस्कार के अंतर्गत अमित शर्मा  को 5 वर्ष का सेवा विस्तार, शॉल, प्रतीक चिन्ह तथा ₹25,000 की नगद धनराशि प्रदान की जाएगी l साथ ही राज्य परिवहन बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा भी प्रदान की जाएगी । यह पुरस्कार उन्हें नवाचारपूर्ण शिक्षण कार्य , शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान तथा विभागीय दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के लिए दिया जा रहा है ।

आपको बता दें कि अमित शर्मा ने उत्कृष्ट शैक्षिक उपलब्धियां हासिल करते हुए उनकी शैक्षिक योग्यता अत्यंत प्रभावशाली है। उन्होंने एम.एस.सी. (रसायन विज्ञान) एवं बी.एड. की उपाधि प्राप्त की है । रसायन विज्ञान विषय में उन्होंने 13 बार नेट परीक्षा उत्तीर्ण की है, जिसमें उनकी सर्वश्रेष्ठ ऑल इंडिया रैंक 4 रही है । इसके अतिरिक्त उन्होंने 5 बार गेट परीक्षा भी उत्तीर्ण की है , जिसमें उनकी सर्वश्रेष्ठ ऑल इंडिया रैंक 20 रही है । अमित शर्मा ने रसायन विज्ञान विषय पर “सिमेट्री एंड ग्रुप थियोरी” नामक एक पुस्तक भी लिखी है, जो एम.एस.सी. के विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी मानी जा रही है ।

शिक्षा में नवाचार एवं टीएलएम को विशेष पहचान देते हुए अमित शर्मा कक्षा विद्यार्थियों को टीएलएम (Teaching Learning Material) एवं नवाचार की सहायता से अध्यापन कराते हैं । वर्ष 2024 एवं 2025 में उन्हें  मंडल स्तर पर बेस्ट टीएलएम के लिए प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ । वर्ष 2024 में जनपदीय कला समेकित शिक्षणशास्त्र प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया है | इसके अतिरिक्त डायट हापुड़ में आयोजित नवाचार मेले में भी वर्ष 2024 एवं 2025 में उन्हें बेस्ट नवाचार के लिए प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया  है ।

अमित शर्मा ने वर्ष 2006 में  एस.एस.वी. डिग्री कॉलेज, हापुड़ में बी.एस.सी. प्रथम वर्ष के 35 छात्र-छात्राओं को लगातार 101 घंटे पढ़ाकर विश्व रिकॉर्ड भी स्थापित किया था, जो आज भी शिक्षा जगत में चर्चा का विषय है ।

शैक्षिक गतिविधियों के साथ-साथ अमित शर्मा को सौंपे गए सभी विभागीय कार्यों का भी उन्होंने निष्ठापूर्वक निर्वहन किया है। जुलाई 2025 में खान अकादमी कार्यक्रम में जनपद हापुड़ की प्रगति मात्र 19% थी और जनपद लो-परफॉर्मिंग श्रेणी में था ।स्थिति सुधारने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक श्वेता पूठिया द्वारा अमित शर्मा को जनपदीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया । उनके अथक प्रयासों से मात्र दो सप्ताह में जनपद की प्रगति 89% तक पहुंच गई और हापुड़ जनपद हाई-परफॉर्मिंग बन गया। इसके लिए उन्हें जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया । इसके बाद उन्हें विकसित भारत बिल्डथॉन कार्यक्रम का जनपदीय नोडल नियुक्त किया गया, जिसमें हापुड़ जनपद ने प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त किया । इसके लिए उन्हें जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया ।

विकसित उत्तर प्रदेश-2047 क्यूआर कोड स्कैन अभियान में जनपदीय नोडल अधिकारी के रूप में उत्कृष्ट योगदान हेतु उन्हें मुख्य विकास अधिकारी, हापुड़  श्रुति शर्मा द्वारा सम्मानित किया गया है ।

परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में अमित शर्मा के जनपदीय नोडल अधिकारी के रूप में अथक प्रयासों से जनपद हापुड़ ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिसके लिए उन्हें जिला विद्यालय निरीक्षक, हापुड़ द्वारा सम्मानित  भी किया गया है। निःशुल्क ऑनलाइन शिक्षा का सराहनीय प्रयास भी किया है । कोरोना काल से ही अमित शर्मा ने अमित सर क्लासेस नामक एक यूट्यूब चैनल के माध्यम से कक्षा 10 से 12 के विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान करनी शुरू की । इस चैनल पर वे नेट, गेट, आईआईटी-जेईई, नीट, सीयूईटी जैसी महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराते हैं ।

चार स्तरीय चयन प्रक्रिया के बाद राज्य अध्यापक पुरस्कार-2025  के लिए 15 नवंबर 2025 से ऑनलाइन आवेदन शुरू हुए। इसके अंतर्गत चयन प्रक्रिया चार चरणों में संपन्न हुई थी और 11 दिसंबर 2025 को जिलाधिकारी हापुड़ की अध्यक्षता में जनपदीय समिति द्वारा,20 दिसंबर 2025 को आयुक्त कार्यालय मेरठ में मंडलीय समिति द्वारा,3 जनवरी 2026 को लखनऊ में निदेशालय स्तरीय समिति द्वारा,तथा 2 फरवरी 2026 को राज्य स्तरीय समिति द्वारा साक्षात्कार के माध्यम से चयन प्रक्रिया पूरी की गई । चारों साक्षात्कारों में सफल होने के बाद  अमित शर्मा का  राज्य अध्यापक पुरस्कार  के लिए चयन हुआ  है ।

उत्तर प्रदेश शासन द्वारा प्रदेश के कुल 15 शिक्षकों को इस पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है , जिसमें अमित शर्मा को यह राज्य अध्यापक पुरस्कार विज्ञान विषय में मिला है l
अमित शर्मा ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद, परिवार, साथी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को दिया है । उनकी इस उपलब्धि से जनपद हापुड़ का गौरव बढ़ा है ।

राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयन की खबर से माताजी सुशीला देवी , पत्नी प्रियंका , भाई सुमित सहित रिश्तेदार सत्यप्रकाश शर्मा , चन्द्रावती शर्मा , अरुण शुक्ला , अरविंद शुक्ला आदि काफी खुश नजर आए । इसके साथ ही जनपद के शिक्षकों, अधिकारियों एवं नागरिकों द्वारा उन्हें निरंतर शुभकामनाएं दी जा रही हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button