बरेली
बरेली कॉलेज का 32 करोड़ टैक्स माफ हो, छात्रसंघ चुनाव बहाल हों
छात्र सभा ने सरकार को घेरा, 9 को निकालेंगे न्याय मार्च

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। समाजवादी छात्र सभा 9 सितंबर को बरेली में ‘छात्र न्याय मार्च’ निकालेगी। जिलाध्यक्ष अविनाश मिश्रा ने सपा कार्यालय में प्रेस वार्ता कर कहा कि सुबह 10:30 बजे बरेली कॉलेज के पूर्वी गेट से कलेक्ट्रेट गेट तक शांतिपूर्ण मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में छात्रसंघ चुनावों पर रोक लगाकर छात्रों की लोकतांत्रिक आवाज दबाई जा रही है। 29 हजार प्राथमिक विद्यालय बंद/मर्ज करने से गरीब बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बरेली कॉलेज पर 32 करोड़ के टैक्स, आजाद छात्रावास की बदहाली, फीस वृद्धि और छात्रवृत्ति में देरी जैसे मुद्दे गंभीर हैं।
छात्र सभा ने 16 सूत्रीय मांग पत्र जारी किया है। प्रमुख मांगों में बरेली कॉलेज पर नगर निगम का 32 करोड़ का टैक्स माफ करना, प्रदेश भर में छात्रसंघ चुनाव बहाल करना, जर्जर आजाद छात्रावास का जीर्णोद्धार और सत्र 2026-27 की बढ़ी फीस वापस लेना शामिल है।
महानगर अध्यक्ष विक्रांत पाल ने कहा छात्रसंघ लोकतंत्र की पहली पाठशाला है। छात्रों से बड़ी संख्या में मार्च में जुटने की अपील की।
प्रेस वार्ता में विक्रांत पाल, किशन यादव, अर्पित उपाध्याय, रिजवान खान, गौरव मिश्रा, उत्कर्ष मिश्रा मौजूद रहे।



