‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर भाजपा की जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित, अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान
BJP organizes district-level workshop on the ‘Seva Sankalp Abhiyan’; call made to take the campaign to the booth level.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष के सेवा कार्यकाल को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन अपर्णा मार्केट, पाकुड़ में भाजपा जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू की अध्यक्षता में किया गया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा उपस्थित रहे। बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक सेवा कार्यकाल के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा विभिन्न सेवा गतिविधियों के जरिए समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच सकारात्मक संदेश पहुंचाने की योजना है।
कार्यशाला में वक्ताओं ने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को सेवा, समर्पण और त्याग का काल बताते हुए विभिन्न केंद्रीय योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का उल्लेख किया। वक्ताओं ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान राहत एवं खाद्यान्न उपलब्ध कराने, आयुष्मान भारत के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को पक्के मकान, जल जीवन मिशन के माध्यम से नल से जल पहुंचाने, स्वच्छता एवं शौचालय निर्माण तथा किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के माध्यम से जनकल्याण के कार्य किए गए हैं। बैठक के दौरान ‘सेवा संकल्प अभियान’ की विस्तृत रूपरेखा, प्रस्तावित कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक तैयारियों पर चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा सेवा गतिविधियों को गांव, पंचायत और बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। कार्यशाला में जिला प्रभारी निवास मंडल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बबलू भगत, दुर्गा मरांडी सहित जिला पदाधिकारी, पूर्व जिलाध्यक्ष, प्रदेश एवं जिला मोर्चा पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, अभियान संयोजक एवं सह-संयोजक, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री रूपेश भगत ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री सह कार्यक्रम संयोजक साधन ठाकुर ने किया। कार्यशाला के समापन पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने ‘सेवा ही संकल्प, जनसेवा ही प्राथमिकता’ की भावना के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल बनाने का संकल्प लिया।



